अशोक श्रीवास्तव अमेठी
उत्तर प्रदेश के अमेठी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ग्रामीण द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर गड्ढा खोद दिए जाने से करीब दस परिवारों का आवागमन पिछले पांच दिनों से बाधित है। मामला इतना बढ़ गया कि प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा, लेकिन पुलिस टीम को भी बैरंग लौटना पड़ा।
आखिर क्या है पूरा मामला?……
मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र के टिकरी गांव का है। यहां गांव के ही एक व्यक्ति ने कथित तौर पर सार्वजनिक खड़ंजे वाले रास्ते पर शौचालय निर्माण के नाम पर गड्ढा खोद दिया।
इस गड्ढे के कारण करीब दस परिवारों का रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले पांच दिनों से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इतना ही नहीं, गड्ढा खोदने से रास्ते के किनारे गुजर रही वाटर सप्लाई लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गांव में पानी की समस्या खड़ी हो गई है।
पीड़ित परिवारों ने पहले कोतवाली पुलिस से शिकायत की, लेकिन जब वहां से समाधान नहीं मिला तो उन्होंने अमेठी के एसडीएम से गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम आशीष सिंह ने स्थानीय पुलिस को तत्काल सार्वजनिक मार्ग बहाल कराने का निर्देश दिया।
सोमवार शाम जब पुलिस टीम गांव पहुंची तो कार्रवाई के दौरान नया मोड़ आ गया। आरोपी की पत्नी ने विरोध जताते हुए गड्ढे में ही छलांग लगा दी और कार्रवाई रुकवाने की कोशिश की। मौके पर महिला कांस्टेबल मौजूद न होने के कारण पुलिस टीम को बैरंग वापस लौटना पड़ा।
अब सवाल यह है कि आखिर सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जे और खुदाई के खिलाफ कब तक ठोस कार्रवाई होगी? और जिन परिवारों का रास्ता बंद है, उन्हें राहत कब मिलेगी?
फिलहाल प्रशासन के आदेश के बावजूद रास्ता बहाल नहीं हो सका है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928