पुलिस लाइन सभागार में मासिक सैनिक सम्मेलन व अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन
महोबा।
पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह की अध्यक्षता में पुलिस लाइन स्थित सभागार में मासिक सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। सम्मेलन में कानून व्यवस्था की स्थिति, जनशिकायतों का निस्तारण, त्योहारों की तैयारियों और पुलिसिंग व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
एसपी ने सम्मेलन के दौरान सभी पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित शाखा प्रभारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों पर नियमित सैनिक सम्मेलन आयोजित किए जाएं ताकि कर्मचारियों की समस्याएं प्राथमिकता के आधार पर हल हो सकें।
अपराधों पर नियंत्रण व महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने विगत माह घटित घटनाओं की समीक्षा करते हुए गंभीर अपराधों की विवेचना, बीट पुलिसिंग, मिशन शक्ति, महिला अपराधों, गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी, अभियोजन की स्थिति, ट्रैफिक मैनेजमेंट एवं जनसुनवाई की गुणवत्ता पर विशेष बल दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को कठोरतम सजा दिलाई जाए।
मोहर्रम को लेकर विशेष दिशा-निर्देश
एसपी ने मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने, जुलूसों के मार्ग का पूर्व भ्रमण करने, विवादित स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा धर्मगुरुओं और स्थानीय संभ्रांत जनों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
सीसीटीवी और ट्रैफिक सिस्टम में सुधार की योजना
उन्होंने प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, पुराने कैमरों का रखरखाव व अपग्रेडेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ब्रेथ एनालाइज़र, आईटीएमएस व अन्य तकनीकी उपकरणों के माध्यम से यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करने को कहा गया। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर ट्रैफिक सुधार के लिए ब्लूप्रिंट तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
जनसुनवाई को बनाएं अधिक संवेदनशील और प्रभावी
एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई को मानवता एवं संवेदनशीलता के साथ लिया जाए। शिकायत रजिस्टर और पुलिस सहायता केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सम्मेलन में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर दीपक दुबे, क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ अरुण कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक शिवकुमार सिंह सहित समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं जनपदीय पुलिस शाखाओं के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





