करणपुरा गांव में लगी आग, हसीना खातून का आशियाना खाक – बरसात में खुले आसमान के नीचे जिंदगी गुजारने को मजबूर

SHARE:

रिपोर्ट: संजय लाल | गिरिडीह | सहारा जीवन न्यूज़ गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत करणपुरा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया जब अचानक एक घर में आग लग गई। इस आगजनी की घटना में गांव की निवासी हसीना खातून, पत्नी मिन्हाज का पूरा आशियाना जलकर राख हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। जब तक घरवाले कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते घर में रखे चावल, गेहूं, आलू सहित सभी घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। इससे भी ज्यादा चिंता की बात यह रही कि उनका खपरेल का एकमात्र घर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

इस घटना ने पीड़ित परिवार को पूरी तरह बेघर कर दिया है। बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और ऐसे में खुले आसमान के नीचे जीवन व्यतीत करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से लगाई गुहार

हसीना खातून और उनके परिजनों ने शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन को एक आवेदन सौंपकर शीघ्र जांच और राहत सहायता की मांग की है। उन्होंने अपील की है कि उन्हें तत्काल रहने के लिए छत और अन्य जरूरी मदद उपलब्ध कराई जाए।

ग्रामीणों ने भी जताई चिंता

गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए पीड़ित परिवार को अविलंब सरकारी सहायता, भोजन सामग्री और अस्थायी आवास उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे सुरक्षित रूप से जीवन यापन कर सकें।

 

Harshit Shrivastav
Author: Harshit Shrivastav

Sahara jeevan newspaper

Leave a Comment