अहमदाबाद, गुजरात |
सहारा जीवन न्यूज़ अहमदाबाद में सोमवार को हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। इस त्रासदी में अब तक 265 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। मृतकों में विमान के यात्री, क्रू मेंबर्स और वह ट्रेनी डॉक्टर शामिल हैं, जो उस हॉस्टल में थे, जिस पर एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरा था।
आज मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं अहमदाबाद पहुंचे और सबसे पहले दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने इसके बाद अहमदाबाद सिविल हॉस्पिटल में घायल यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता दी जा रही है, और कई की स्थिति अब स्थिर है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी इस हादसे पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी करेंगे, जिसमें राहत और पुनर्वास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। वह इस हादसे में जीवित बचे एकमात्र यात्री रमेश विश्वास कुमार से भी मिल सकते हैं, जो फिलहाल गहन चिकित्सा में हैं।
गुजरात से पीएम मोदी का गहरा नाता
यह हादसा प्रधानमंत्री मोदी के गृह राज्य गुजरात में हुआ है, जहां वह 2001 से 2014 तक लगातार चार बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। ऐसे में यह दौरा न केवल प्रशासनिक, बल्कि व्यक्तिगत रूप से भी उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दुखद घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
सहारा जीवन परिवार हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





