अमेठी में महिला लुटेरी गैंग की 3 सदस्य गिरफ्तार, चाकू दिखाकर महिला से की थी लूट

SHARE:

अमेठी। जिले की मोहनगंज पुलिस ने अंतर्जनपदीय महिला लुटेरी गैंग की तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से लूट के चार पीली धातु के लॉकेट, एक कंगन, मोतियों की माला और घटना में इस्तेमाल किया गया एक चाकू बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर मोहनगंज पुलिस ने मुकदमा संख्या 309/26 से संबंधित तीन अभियुक्ताओं मोनिका पत्नी विकास रैदास निवासी लतीफपुर, थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर; सविता पत्नी रविन्दर निवासी कोइरीपुर, थाना चांदा, जनपद सुल्तानपुर; और रीना उर्फ लालमती पत्नी प्रकाश निवासी काखभार, थाना बिलरियागंज, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार किया।

कथा और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बनाती थीं निशाना

पुलिस की पूछताछ में अभियुक्ताओं ने कथित तौर पर बताया कि वे एक साथ मिलकर कथा और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देती थीं। पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 को तीनों ने चौराबाग के पास अकेले जा रही एक महिला को चाकू दिखाकर लूट लिया था। बरामद चार लॉकेटों में से एक लॉकेट इसी घटना से संबंधित बताया गया है।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्ता सविता के कब्जे से मिले बैग में चार पीली धातु के लॉकेट, मोतियों की माला, एक पीली धातु का कंगन और एक चाकू बरामद हुआ है।

एक अभियुक्ता पर पहले से दो मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्ता मोनिका के खिलाफ अयोध्या के कोतवाली थाने में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की गई है। मोहनगंज पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Ashok Srivastav
Author: Ashok Srivastav

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई