वीरेंद्र सिंह

अमेठी। जनपद की तहसील तिलोई और कोतवाली मोहनगंज क्षेत्र में तैनात 45 वर्षीय होमगार्ड प्रमोद सिंह की मौत को लेकर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। रविवार सुबह लगभग 5 बजे ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे प्रमोद सिंह का शव मोहनगंज-मड़हा (मजरे भेलाई कला) के पास सड़क किनारे गड्ढे में गंभीर हालत में मिला। शुरुआती तौर पर इसे बारिश के कारण मोटरसाइकिल फिसलने का हादसा माना जा रहा था, लेकिन घटना स्थल के हालात और समय को देखते हुए मामला पूरी तरह संदिग्ध नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, जिस जगह यह घटना हुई, वहां सड़क पर किसी अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने या किसी साजिश के तहत दुर्घटना को अंजाम देने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। घटना की सूचना मिलते ही मोहनगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लहूलुहान हालत में पड़े प्रमोद सिंह को पहले लोधवारिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत अति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें AIIMS रायबरेली रेफर किया, जहां देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रमोद सिंह अपने परिवार के अकेले मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनकी अकाल मौत से पत्नी राधा सिंह, पुत्री अनमोल सिंह और बड़े भाई अरुण कुमार सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे भवानी नगर गांव में शोक के साथ-साथ इस संदिग्ध घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।
थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि रायबरेली AIIMS में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।





Total Users : 1210918
Total views : 5517399