टी-20 एशिया कप 2026 में संभालेंगे जिम्मेदारी, 28 अगस्त से दुबई में शुरू होगी प्रतियोगिता
रायपुर। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव एवं रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी राजेश दवे को आगामी महिला टी-20 एशिया कप 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का मैनेजर नियुक्त किया है। दवे इससे पहले वर्ष 2019 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान भी मैनेजर की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
महिला टी-20 एशिया कप 2026 का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, संयुक्त अरब अमीरात में किया जाएगा। भारतीय टीम ग्रुप-ए में पाकिस्तान, हांगकांग और थाईलैंड के साथ शामिल है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड, 3 सितंबर को हांगकांग और 5 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ करेगा।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले 10 और 11 सितंबर को, जबकि फाइनल मुकाबला 13 सितंबर 2026 को खेला जाएगा।
राजेश दवे को क्रिकेट प्रशासन और टीम प्रबंधन का लंबा अनुभव है। उनके नेतृत्व और प्रबंधन कौशल से भारतीय महिला टीम को टूर्नामेंट के दौरान बेहतर प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण सहयोग मिलने की उम्मीद है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने दवे की इस नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
संघ ने विश्वास जताया कि राजेश दवे भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे और टीम को एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। रायपुर से प्रभाकर श्रीवास्तव की रिपोर्ट






Total Users : 1210711
Total views : 5517154