
अमेठी। जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेटुआ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए वेतन रोकने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में बीपीएम जटाशंकर पांडेय एवं बीसीपीएम अभय कुमार लगातार तीन दिनों से अनुपस्थित पाए गए। वहीं डॉ. निखिल सिंह उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद अस्पताल से अनुपस्थित मिले। इसके अलावा डाटा एंट्री ऑपरेटर विकास शुक्ला तथा डेंटल हाइजेनिस्ट शिशिर मौर्य भी मौजूद नहीं मिले।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोकने तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में लापरवाही एवं बिना अनुमति अनुपस्थित रहना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने टिकरी में चल रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा किए जा रहे सर्वे, साफ-सफाई, जनजागरूकता एवं रोग नियंत्रण संबंधी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक गतिविधि समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाए।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928