अमेठी। बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा अनुभाग में हुए सात करोड़ रुपये से अधिक के कथित घोटाले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के हाथों में है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने मामले को अपने अधीन लेते हुए जांच तेज कर दी है।
बुधवार को सीबीआई की 8 टीमों ने अमेठी सहित प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी कर संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की।सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की यह कार्रवाई डीआईजी शिवानी तिवारी के नेतृत्व में की जा रही है। अमेठी में टीमों ने लोधवरिया, पूरे यदुराम पांडेय सहित कई स्थानों पर पहुंचकर मामले से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई। इसके अलावा सीबीआई टीम गौरीगंज कोतवाली भी पहुंची, जहां अधिकारियों ने दर्ज मुकदमे और जांच से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त की।बताया जाता है कि बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा अनुभाग में तैनात कर्मचारियों द्वारा बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं की गईं। जांच में सामने आया कि सरकारी धनराशि का कथित रूप से दुरुपयोग करते हुए विभिन्न खातों में रकम स्थानांतरित की गई। मामला सामने आने के बाद लेखाधिकारी की तहरीर पर गौरीगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था।हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने इस प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। इसी क्रम में अमेठी के अलावा लखनऊ, प्रतापगढ़, कुशीनगर और अयोध्या समेत कई जिलों में भी छापेमारी और पूछताछ की कार्रवाई की गई।सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग में हुए इस बहुचर्चित घोटाले को लेकर प्रशासनिक और शैक्षिक हलकों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928