नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संभाला कार्यभार, अधिकारियों को दिए सुशासन एवं जनहित के निर्देश

SHARE:

सहारा जीवन न्यूज

महराजगंज। जनपद के नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल द्वारा आज विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया गया। पदभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा शासन की प्राथमिकताओं, पारदर्शिता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध एवं संवेदनशील तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालयों में आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।पदभार ग्रहण करने के उपरांत जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर का विस्तृत निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं एवं पटलों का अवलोकन कर अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालयों की साफ-सफाई, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अभिलेख अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखे जाएं तथा कार्यालयी कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनसुनवाई व्यवस्था, राजस्व संबंधित मामलों तथा विकास कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी ढंग से पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें।उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही, भ्रष्टाचार अथवा जनता की समस्याओं के प्रति उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद के समग्र विकास एवं बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment