सहारा जीवन न्यूज 
अमेठी।जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टीकरमाफी चौकी से कुछ दूरी पर स्थित सोनारी कलां गांव के प्रसिद्ध बाबा शोभनाथ मंदिर में दिनदहाड़े घंटा और ताशा चोरी की घटना का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोर मंदिर परिसर में पहुंचा। उस समय मंदिर के पुजारी गोसाईं बाबा भोजन बना रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मंदिर में आया, पुजारी को 20 रुपये दक्षिणा दी और श्रद्धालु बनकर परिसर में घूमने लगा। आरोपी काफी देर तक मंदिर परिसर का जायजा लेता रहा और जब उसे मौका मिला तो उसने किसी धारदार औजार से घंटा बांधने वाली जंजीर काट दी। अचानक घंटा बजने की आवाज सुनकर पुजारी को शक हुआ और वे तुरंत मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी घंटा और आरती में उपयोग होने वाला ताशा लेकर पहले से खड़ी गाड़ी में बैठकर फरार हो चुका था।घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक न तो आरोपी की पहचान हो सकी है और न ही चोरी गया सामान बरामद हो पाया है। ग्राम प्रधान इंद्रजीत यादव ने बताया कि घटना के बाद से ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है। पुलिस की निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही घटना का खुलासा नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे। हर्षित सिंह ने बताया कि चोरी का खुलासा न होना एक बहुत बड़ी बात है लोगों की निष्ठा इस मंदिर से है। हरबिलास सिंह ने घटना का पुलिस तत्काल खुलासा करे। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई वर्ष पूर्व टीकरमाफी स्थित श्रीमत परमहंस आश्रम से स्वामी परमहंस महाराज की चरण पादुका चोरी हो चुकी है, जिसे बाद में काफी दबाव के बाद बरामद किया गया था। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से लचर हो चुकी है।स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों पर भी अब सुरक्षा नहीं रह गई है, जो बेहद चिंताजनक है। श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा शोभनाथ मंदिर लगभग 250 वर्ष पुराना और अत्यंत आस्था का केंद्र है, जहां दूर-दूर से लोग पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। ऐसे पवित्र स्थल पर दिनदहाड़े चोरी की घटना होना न केवल प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है, बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाता है।ग्रामीणों ने मांग की है कि मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, प्रशासन से यह भी अपेक्षा की जा रही है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस संबंध में थाना प्रभारी संग्रामपुर के सीयूजी पर संपर्क किया लेकिन वार्ता नहीं हो पाई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी होने का दावा कर रही है, लेकिन ठोस कार्रवाई के अभाव में लोगों का भरोसा लगातार कमजोर होता जा रहा है।





