भारत-पाकिस्तान के रिश्ते भारत और पाकिस्तान ही तय करेंगे: रविशंकर प्रसाद

SHARE:

राहुल गांधी गैर-जिम्मेदार, उनके बयानों से पाकिस्तान को मिलती है सह: भाजपा सांसद पटना,– भारत-पाकिस्तान संबंधों को लेकर भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने स्पष्ट कहा है कि दोनों देशों के रिश्ते सिर्फ भारत और पाकिस्तान ही तय करेंगे, किसी तीसरे देश की इसमें कोई भूमिका नहीं होगी। उन्होंने कहा कि भारत का रुख हमेशा स्पष्ट रहा है और दुनिया के अधिकांश देश भारत के साथ मजबूत रिश्ते बनाना चाहते हैं।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में रविशंकर प्रसाद ने बताया कि आतंकवाद को बेनकाब करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने विभिन्न देशों में प्रतिनिधिमंडल भेजे थे। उन्होंने स्वयं भी एक प्रतिनिधिमंडल के साथ यूरोप के कई देशों का दौरा किया, जिसमें फ्रांस और इटली (रोम) प्रमुख रूप से शामिल रहे।

पाकिस्तान की असलियत दुनिया के सामने लाई

रविशंकर प्रसाद ने कहा, “हम यह बताने गए थे कि अगर एक अमेरिकी या यूरोपीय नागरिक की जान कीमती है, तो एक निर्दोष भारतीय की जान भी उतनी ही कीमती है। आतंकवाद किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।” उन्होंने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वहां की सेना आतंकवादियों को संरक्षण देती है और जनरल ही देश का संचालन करते हैं, जो न तो जनता द्वारा चुने गए हैं और न ही उनके प्रति जवाबदेह हैं।

सर्जिकल स्ट्राइक और भारत की कड़ी नीति

सांसद ने कहा कि भारत ने जब आतंकियों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की, तब पाकिस्तान को झुकना पड़ा। उन्होंने कहा, “जब अमेरिका 12 हजार किलोमीटर जाकर ओसामा बिन लादेन को मार सकता है, तो हम अपने चार सौ किलोमीटर के अंदर क्यों नहीं जा सकते? हमने ऑपरेशन रात में किया और सुबह दुनिया को बता दिया।”

राहुल गांधी पर तीखा हमला

प्रेस वार्ता के दौरान रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी गैर-जिम्मेदार नेता हैं। उनके बयानों से पाकिस्तान को सह मिलती है। उन्हें विदेश नीति की समझ नहीं है। जो बातें वे कहते हैं, उससे भारत की छवि को नुकसान होता है।”

भारत की बढ़ती साख

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। वहीं पाकिस्तान की हालत यह है कि वहां चुना हुआ प्रधानमंत्री तक नहीं है। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान की सेना ने अपने फायदे के लिए पाकिस्तान को जनरल की दुकान बना दिया है।”

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, रणवीर कुमार और पटना महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता भी मौजूद रहे।

Source: Sahara Jeevan News

Contact for Advertisement: 7275258705, 9838548705

Website: www.saharajeevan.com

 

Harshit Shrivastav
Author: Harshit Shrivastav

Sahara jeevan newspaper

Leave a Comment