पंकज पराशर, छतरपुर से। सहारा जीवन न्यूज
बुंदेलखंड अंचल में जुआ और सट्टा का अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है, और इस गोरखधंधे को पुलिस संरक्षण मिलने के आरोप अब खुलकर सामने आने लगे हैं। टीकमगढ़ जिले में थाना बल्देवगढ़, कुड़ीला और चौकी देवरदा क्षेत्र इन दिनों जुए के प्रमुख केंद्र बन गए हैं। खास बात यह है कि इन स्थानों पर खुलेआम जुए के फड़ लगाए जा रहे हैं, और यह सब कुछ स्थानीय पुलिस की नाक के नीचे हो रहा है।
कप्तान की मेहनत पर पानी फेर रहे कुछ थाना प्रभारी
टीकमगढ़ के पुलिस कप्तान ईमानदार छवि के साथ जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर सतत प्रयासरत हैं। वे लगातार थाना प्रभारियों को निर्देशित कर रहे हैं कि अपराधियों पर शिकंजा कसा जाए, परंतु कुछ थाना प्रभारी चंद पैसों की लालच में कप्तान की मेहनत पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं।
बल्देवगढ़ और कुड़ीला में दिन-रात चल रहा जुआ
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों — जैसे रमपुरा, पटोरी और स्वयं बल्देवगढ़ नगर — में खुलेआम जुए के फड़ संचालित किए जा रहे हैं। यह सारा काम पुलिस के संरक्षण में हो रहा है। वहीं कुड़ीला थाना क्षेत्र में भी पिछले कई वर्षों से रोज़ाना लाखों रुपये का जुआ संचालित किया जा रहा है।
देवरदा चौकी बनी जुआ माफियाओं की बुकिंग एजेंसी
सूत्रों की मानें तो चौकी देवरदा से जुआ माफियाओं की बुकिंग की जाती है। यहीं से जुए की जगहें तय होती हैं और माफिया अपनी गतिविधियों को अंजाम देते हैं। बंधा चौकी और देवरदा के बीच पुल के आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस की मौजूदगी में जुए का संचालन हो रहा है।
आने लगे हैं बाहरी जिलों के अपराधी
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तो अन्य जिलों के अपराधी भी इन क्षेत्रों में जुआ खेलने के लिए आ रहे हैं, जिससे क्षेत्र अपराधियों के लिए सुरक्षित शरणस्थली बनता जा रहा है।
जनता की मांग – हो सख्त कार्रवाई
क्षेत्र की जनता पुलिस प्रशासन से मांग कर रही है कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया जाए और तत्काल प्रभाव से जुआ माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में फैलते अपराध पर नियंत्रण पाया जा सके और पुलिस की साख बनी रहे।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper







Total Users : 1210549
Total views : 5516928