महोबा।
जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक जिलाधिकारी कैंप कार्यालय सभागार में संपन्न हुई। बैठक के दौरान स्वच्छता से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई और कई महत्त्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और जिन लाभार्थियों को अब तक शौचालय निर्माण की धनराशि नहीं मिली है, उन्हें अविलंब यह राशि उपलब्ध कराई जाए। सामुदायिक शौचालयों और आरआरसी केंद्रों के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में व्यक्तिगत शौचालयों, रेट्रोफिटिंग, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, ओडीएफ प्लस मॉडल ग्राम जैसी योजनाओं की गहन समीक्षा की गई जिलाधिकारी ने बीएसए को निर्देशित किया कि सभी स्कूलों में शौचालय और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि चारों ब्लॉकों में सोलर लाइट, वाटर कूलर, स्वच्छता, पानी व शौचालय की समुचित व्यवस्था कराई जाए ताकि उन्हें मॉडल ब्लॉक के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सद्भावना घर, खेल मैदान, ओपन जिम और पुस्तकालय जैसे कार्य भी प्राथमिकता से कराए जाएं। साथ ही ब्लॉकों को जोड़ने वाली सड़कों के किनारे हरे-भरे पेड़-पौधे लगवाए जाएं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले। डीपीआरओ को निर्देश दिए गए कि सभी सामुदायिक शौचालयों का नियमित प्रयोग कराया जाए, जबकि ग्राम पंचायत कमालपुरा में प्लास्टिक वेस्ट मेजरमेंट मशीन को तत्काल प्रभाव से संचालित करने के आदेश दिए गए।
इसके अलावा, जिलाधिकारी ने तालाबों, पोखरों, नदियों और कुओं की सफाई व खुदाई के निर्देश भी दिए ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति से निपटा जा सके। बैठक में ब्लॉक प्रमुख पनवाड़ी प्रतिनिधि, चरखारी, कबरई, मुख्य विकास अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण राहुल सिंह, प्रधान मवई खुर्द, सुगिरा समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
– अभिनय सिंह सहारा जीवन
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper






Total Users : 1212324
Total views : 5520472