कानपुर से राजेश निगम की रिपोर्ट 
कानपुर जर्नलिस्ट क्लब में की प्रेसवार्ता
सहपाठी छात्रा पर ब्लैकमेलिंग और धमकी देने का आरोप, पुलिस को ऑडियो साक्ष्य सौंपने का दावा
कानपुर। “मेरा इकलौता बेटा कहां है? मुझे सिर्फ मेरा बेटा चाहिए…” यह गुहार उस बेबस मां की है, जो पिछले 27 दिनों से अपने बेटे की तलाश में थाने से लेकर पुलिस के आला अधिकारियों तक के चक्कर काट रही है। अशोक नगर निवासी अनीता सिंह का इकलौता बेटा अंशुमान सिंह (बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र, पीएसआईटी कॉलेज) बीती 1 नवंबर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है।
शुक्रवार को कानपुर जर्नलिस्ट क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में अनीता सिंह ने बेटे के लापता होने से पहले के घटनाक्रम को साझा करते हुए उसकी एक सहपाठी छात्रा पर मानसिक प्रताड़ना, ब्लैकमेलिंग और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि धमकी से जुड़े ऑडियो समेत कई अहम साक्ष्य उनके पास सुरक्षित हैं, जिन्हें उन्होंने पुलिस को भी सौंप दिया है।
इंस्टाग्राम से दोस्ती, फिर होटल बुलाकर धमकी देने का आरोप
अनीता सिंह ने बताया कि उनके बेटे की कॉलेज में बीसीए द्वितीय वर्ष की एक छात्रा से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि 19 अक्टूबर को छात्रा के बुलाने पर अंशुमान उसके साथ एक होटल गया था। इसके अगले ही दिन से उसे रेप के झूठे मुकदमे में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी दी जाने लगी। लगातार मिल रही धमकियों से अंशुमान गहरे मानसिक तनाव में आ गया था और उसने आत्महत्या करने का भी प्रयास किया था, जिसे परिजनों की सतर्कता से बचा लिया गया। मां का यह भी दावा है कि उन्होंने छात्रा को घर बुलाकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया था।
विवाद के अगले दिन घर से निकला, फिर नहीं लौटा
मां के मुताबिक, 31 अक्टूबर को कॉलेज में अंशुमान और संबंधित छात्रा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिससे वह बेहद परेशान था। अगले दिन, 1 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वह घर से घूमकर आने की बात कहकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद 2 नवंबर को नजीराबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। अनीता सिंह ने 5 नवंबर को पुलिस कमिश्नर, 13 नवंबर को कॉलेज प्रशासन और 17 नवंबर को एसीपी नजीराबाद को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
जांच की गति पर सवाल, मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
अनीता सिंह का आरोप है कि साक्ष्य देने के बावजूद पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज, रिकॉर्ड और संबंधित छात्रा से पूछताछ जैसे अहम पहलुओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और छात्रा का पक्ष भी अभी सामने नहीं आया है। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से निराश मां ने अब मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि वह तलाकशुदा हैं और एजुकेशन लोन लेकर अपने इकलौते बेटे का भविष्य संवारने में जुटी थीं।
पुलिस का पक्ष
“युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश कर रही हैं। अभी तक लापता छात्र का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है, जांच जारी है।”
— पवन प्रताप सिंह, थाना प्रभारी, नजीराबाद


Total Users : 1214027
Total views : 5522944