नारनौल की सरिता जांगिड़ बनीं भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री

SHARE:

नारनौल की सरिता जांगिड़ बनीं भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री
हरियाणा को मिला राष्ट्रीय संगठन में प्रतिनिधित्व, केंद्रीय नेतृत्व ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल की सरिता जांगिड़ को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है। भाजपा केंद्रीय कार्यालय की ओर से 21 नवंबर को जारी राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में उनके नाम की घोषणा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार की गई यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
भाजपा की ओर से जारी सूची में राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राष्ट्रीय मंत्री के पद पर सात नेताओं को नियुक्त किया गया है, जिनमें हरियाणा की सरिता जांगिड़ को भी स्थान मिला है। उनकी नियुक्ति से नारनौल और महेंद्रगढ़ जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल है।
राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिलने पर सरिता जांगिड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगी। संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी प्रतिबद्धता से निर्वहन करना उनकी प्राथमिकता होगी।
सरिता जांगिड़ ने हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा का विशेष आभार जताते हुए कहा कि वह भी मोस्ट बैकवर्ड वर्ग से आते हैं। उनके जैसे मेहनती नेताओं और कार्यकर्ताओं से उन्हें निरंतर प्रेरणा मिलती है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के जिला अध्यक्ष, क्षेत्र के विधायकों, संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं का भी सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद किया। सरिता जांगिड़ ने कहा कि वह ओबीसी वर्ग के हितों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने के साथ ही भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए कार्य करेंगी। पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।नारनौल की सरिता जांगिड़ को भाजपा ओबीसी मोर्चा में राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने को महेंद्रगढ़ जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में प्रसन्नता व्यक्त की जा रही है।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई