
अमेठी में सम्मान, सद्भभाव, सेवा, सहयोग, सहभागिता, समानता की वृद्धि होगी : डॉ. अमीता सिंह
सहारा जीवन न्यूज़
अमेठी। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह का जन्मदिन रामनगर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर आयोजित समारोह में अमेठी विधानसभा क्षेत्र सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए दीर्घायु की कामना की। जन्मदिन के अवसर पर डॉ. संजय सिंह ने रामनगर में अपने नए जनसंपर्क कार्यालय ‘संतुष्टि’ का उद्घाटन भी किया।स्वामी परमहंस टीकरमाफी आश्रम के पीठाधीश्वर ब्रह्मचारी जी ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि अमेठी सनातन धर्म की रीढ़ है। उन्होंने डॉ. संजय सिंह के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ. अमीता सिंह ने कहा कि डॉ. संजय सिंह की सोच हमेशा अमेठी के विकास को लेकर रही है। आज अमेठी जिस मोड़ पर खड़ी है, वहां आत्मचिंतन की जरूरत है। अमेठी ने देश को प्रधानमंत्री दिया है, लेकिन बीते कुछ वर्षों में जिले की राजनीतिक और विकास संबंधी स्थिति पर विचार करना होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में व्यक्ति नहीं, जनता ताकतवर होनी चाहिए। आज अमेठी की पहचान विकास के बजाय सब्जी मंडी और आलू वितरण जैसी गतिविधियों से जुड़ रही है। जरूरत इस बात की है कि जनता के वास्तविक दुख-दर्द और समस्याओं का समाधान हो। उन्होंने कहा कि अमेठी के युवाओं को बड़े संस्थानों में नेतृत्व करते देखना उनका सपना है। बुढ़ऊ महाराज के मार्गदर्शन में जिले में कई आधुनिक शिक्षण संस्थान स्थापित किए गए। विधायक रहते हुए उन्होंने अपना पूरा वेतन पीपरपुर डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए दिया था। ये संस्थान किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि अमेठी की स्थायी धरोहर हैं। उन्होंने अमेठी को आत्मनिर्भर बनाने, स्मार्ट गांव विकसित करने, युवाओं को एआई और रोबोटिक्स का प्रशिक्षण देने तथा रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर जोर दिया। 
डॉ. अमीता सिंह ने कहा कि अमेठी में नशामुक्ति केंद्र, महिलाओं के लिए सुरक्षित उद्यान, रामलीला मैदान का सौंदर्यीकरण, शहर को जाम से निजात दिलाने और पटरी दुकानदारों के लिए व्यवस्थित मंडी की जरूरत है। युवाओं के लिए बेहतर कोचिंग संस्थान और महिलाओं को रोजगार देने के लिए लघु एवं सूक्ष्म उद्योग स्थापित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेठी को विकास की सही दिशा देने के लिए जनता को आगे आकर सही नेतृत्व चुनना होगा। डॉ अमीता सिंह ने कहा कि वह समय फिर आने वाला है जब अमेठी में सम्मान, सद्भभाव, सेवा, सहयोग, सहभागिता, समानता की वृद्धि होगी। राजकुमारी आकांक्षा सिंह ने भी संबोधित करते हुए कहा कि अमेठी की सेवा के लिए वे हमेशा उपलब्ध रहेंगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह ने कहा कि राजर्षि रणंजय सिंह का मानना था कि किसी क्षेत्र का विकास करना है तो सबसे पहले वहां शिक्षा का विकास करना होगा। उन्हें राजर्षि रणंजय सिंह की विरासत में तीन शिक्षण संस्थान मिले थे, जो आज बढ़कर करीब एक दर्जन हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अमेठी में खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा खेल संस्थान भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि 1970 के दशक में अमेठी में हरियाली तक दिखाई नहीं देती थी। ऊसर सुधार कार्यक्रम के माध्यम से बंजर भूमि को उपजाऊ बनाया गया। उन्होंने कहा कि अंतिम सांस तक अमेठी के लोगों के आशीर्वाद और सहयोग से समाज की सेवा करते रहेंगे।कार्यक्रम में ‘ज्येष्ठ-श्रेष्ठ सम्मान’ के तहत क्षेत्र के बुजुर्गों को सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक योगदान देने वाले चिकित्सकों, शिक्षकों और समाजसेवियों को ‘कर्मयोगी सम्मान’ प्रदान किया गया।इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश मसाला, जिला प्रचारक पवन, पूर्व आईएएस अधिकारी जियालाल आर्य, भाजपा एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एडवोकेट ओम प्रकाश पांडेय, पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश मिश्र मटियारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।






Total Users : 1213313
Total views : 5522077