कन्हैया लाल वर्मा की हत्या पर विधायक प्रतिनिधि ने जताया शोक, पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता
अमेठी। अमेठी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा राजू का पुरवा, नरैनी में श्री कन्हैया लाल वर्मा की निर्मम हत्या की हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक प्रतिनिधि अनुराग प्रजापति एवं अरुण प्रजापति पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। परिवार के सदस्यों की पीड़ा और दुख देखकर उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की। विधायक प्रतिनिधि की ओर से दिवंगत कन्हैया लाल वर्मा के अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
विधायक प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और इस घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहना और उसे न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाना हम सभी की जिम्मेदारी है। न्याय मिलने तक परिवार के साथ खड़े रहेंगे।
अंत में उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।






Total Users : 1213313
Total views : 5522077