सहारा जीवन न्यूज़
70 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के प्रत्यक्ष एवं डिजिटल माध्यम से शामिल होने का प्रस्ताव
अमेठी/मुंबई/पटना/लखनऊ। ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (GKC) का “विराट राष्ट्रीय अधिवेशन” आगामी 20 दिसंबर 2026 को नवी मुंबई, महाराष्ट्र में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले कायस्थ समाज के प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है। इसकी जानकारी GKC मीडिया प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव ने दी।उन्होंने बताया कि अधिवेशन का उद्देश्य कायस्थ समाज में एकता, सहभागिता और संगठनात्मक समन्वय को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से देश-विदेश में निवास कर रहे कायस्थ परिवारों को एक साझा मंच पर लाने तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर संवाद को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।GKC के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि संगठन का उद्देश्य देश के सभी राज्यों के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले कायस्थ परिवारों को एक मंच से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अधिवेशन के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद, सहभागिता और संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी।करीब चार घंटे तक चलने वाले इस आयोजन का लगभग 50 प्रतिशत समय कायस्थ समाज की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और ऐतिहासिक योगदान को समर्पित रहेगा। इस दौरान कला, संस्कृति और समाज की विरासत से जुड़े कार्यक्रम एवं विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।GKC की संगठन न्यासी रागिनी रंजन ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कायस्थ समाज को एक मंच पर लाने तथा उसकी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में यह अधिवेशन महत्वपूर्ण पहल हो सकता है। अधिवेशन में समाज की एकता, सहभागिता और भविष्य की दिशा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।वहीं, कला संस्कृति प्रकोष्ठ के ग्लोबल महासचिव पवन सक्सेना ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से समाज की संस्कृति एवं परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।अधिवेशन की तैयारियों और संगठनात्मक समन्वय में महाराष्ट्र के पदाधिकारियों की भी भूमिका रहेगी। इनमें नवीन कुमार, राष्ट्रीय महासचिव सह ग्लोबल अध्यक्ष, सीसीसीआई, अनिल कुमार चंचल, प्रदेश संयोजक, महाराष्ट्र, सुनील कुमार, प्रदेश महासचिव, महाराष्ट्र तथा राजेश कुमार श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष, महाराष्ट्र शामिल हैं।आयोजकों के अनुसार अधिवेशन में 70 से अधिक देशों से प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है। विदेशों और देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले प्रतिनिधि प्रत्यक्ष रूप से नवी मुंबई में शामिल होंगे, जबकि कई प्रतिनिधियों के डिजिटल माध्यम से जुड़ने की व्यवस्था भी रहेगी।





Total Users : 1212318
Total views : 5520464