चैनपट्टी खालवा में डीएम संजय चौहान ने लिया बाढ़ एवं बांध की स्थिति का जायजा

SHARE:

सहारा जीवन न्यूज़

सीपेज, रैट होल्स और कटान को नियंत्रित करने में जुटी सिंचाई विभाग की टीमें, राहत-बचाव के लिए प्रशासन अलर्ट

कुशीनगर। जिलाधिकारी संजय चौहान ने पुलिस अधीक्षक के साथ जनपद के चैनपट्टी खालवा पहुंचकर बाढ़ एवं बांध की स्थिति का मौके पर जायजा लिया। छोड़े गए पानी के कारण बांध के किनारे बसे गांवों में जलप्लावन की स्थिति उत्पन्न हुई है। पिछले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर सीपेज और कटान की सूचनाएं भी सामने आई हैं।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद सिंचाई विभाग की टीम से स्थिति की जानकारी ली। विभाग की डेडिकेटेड टीमें सीपेज, रैट होल्स एवं कटान को तत्काल नियंत्रित करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। कई स्थानों पर रैट होल्स तथा तेज जलधारा के कारण कटान से रिसाव की स्थिति बनी है, जिसे नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी हैं। पूर्व में प्रभावित क्षेत्रों में ड्राई राशन एवं कुक्ड फूड का वितरण किया गया है तथा आवश्यकता के अनुसार आज भी इसकी पूरी व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति में दिन-रात तत्काल राहत पहुंचाने के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर तैनात हैं। रात्रि में राहत एवं बचाव कार्य के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बांध की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सीपेज, कटान तथा रैट होल्स वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। स्थिति सामान्य होने के बाद दीर्घकालिक स्तर पर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय भी किए जाएंगे।

अधिकारियों के अनुसार जलस्तर लगातार कम हो रहा है। वाल्मीकि बैराज से पूर्व में छोड़ा गया पानी जनपद से आगे निकल चुका है, जबकि सुबह 6:35 बजे छोड़े गए पानी के भी आज पास हो जाने की संभावना है। पिछले करीब आठ घंटे से बारिश रुकी हुई है, जिससे स्थिति के शीघ्र सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है।

जिलाधिकारी ने आमजन से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि तेज जलधारा के नजदीक न जाएं और विद्युत पोलों से भी दूरी बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के प्रतिनिधियों को सूचना दें, ताकि समय से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि रेस्क्यू टीम, पुलिस-प्रशासन, मेडिकल एवं पशु चिकित्सा विभाग की टीमें लगातार मौके पर तैनात रहेंगी। प्रशासनिक एवं बचाव दल द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता बांध की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रभावित एवं फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना है।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई