आठ करोड़ रुपए की लागत से जगदीशपुर में चमकेगा राष्ट्रीय राजमार्ग -330

SHARE:

सहारा जीवन न्यूज़

नवरात्रि के पहले सड़क को गड्ढा मुक्त करने का काम तेज

अमेठी/जगदीशपुर। जगदीशपुर बाजार में हाइवे की जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण -एन एच आई ने लोक निर्माण विभाग को लगभग आठ करोड़ रुपए की धनराशि हस्तांतरित की है।इस धनराशि से बाजार में सड़क पर बने गड्ढे समाप्त करने के साथ सड़क का कायाकल्प किया जाएगा।

अयोध्या धाम जाने वाले मार्ग पर जगदीशपुर बाजार में सड़क गड्ढों से भरी हुई है। बारिश में गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी बढ़ जाती है।इस मार्ग से लगभग एक लाख आबादी का आवागमन है। जगदीशपुर बाजार से गुजरने वाला यह मार्ग स्थानीय आवागमन के साथ निहालगढ़ रेलवे स्टेशन और अयोध्या जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है।

जगदीशपुर के वाशिंदों, व्यापारियों और स्थानीय जनता की मांग पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सड़क की मरम्मत के कार्य को स्वीकृति प्रदान करते हुए लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड को 7.9295करोड रु की धनराशि हस्तांतरित की है।इस धनराशि से सड़क की रिपेरिंग के साथ किनारे नाली का निर्माण भी किया जाएगा।

इस मार्ग पर कई बार पैच वर्क भी कराया गया परंतु ट्रकों और भारी वाहनों के दबाव के चलते बारिश के दौरान सड़क जल्दी खराब हो जाती है।

जगदीशपुर बाजार में जर्जर सड़क को ठीक करने का काम शुरू हो गया है। नवरात्रि पर्व के अवसर पर सड़क को गड्ढा मुक्त करने के लिए जगह जगह गिट्टियां डाली जा रही हैं। क्षेत्रीय विधायक और पूर्व मंत्री सुरेश पासी ने सहायक अभियंता को जगदीशपुर बाजार में मार्ग को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए हैं।

एन एच -330 रायबरेली जगदीशपुर खंड के अन्तर्गत आता है मार्ग

राष्ट्रीय राजमार्ग एन एच -330के अंतर्गत रायबरेली जगदीशपुर अयोध्या मार्ग के किमी 41.990से47.930किमी तक 5.94किमी लम्बाई में सड़क की मरम्मत का काम किया जाएगा। गड्ढे भरवाने का काम तेजी से चल रहा है। निविदा खुलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

 

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से धनराशि प्राप्त होने के बाद निविदा प्रक्रिया गतिमान है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।6महीने के भीतर निर्माण कार्य पूरा करा दिया जाएगा।नाली का भी निर्माण होगा। इंजीनियर रमेश चंद्र  अधिशासी अभियंता  निर्माण खंड  लोक निर्माण विभाग, लखनऊ

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment