वामपंथी नेताओं-कार्यकर्ताओं की निजी सूचनाएं जुटाना बंद करे योगी सरकार : वामपंथी दल
गोण्डा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वामपंथी दलों, किसान संगठनों एवं जनसंगठनों के नेताओं-कार्यकर्ताओं की निजी सूचनाएं पुलिस एवं स्थानीय खुफिया इकाइयों के माध्यम से एकत्र किए जाने के विरोध में वामपंथी दलों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व वरिष्ठ वामपंथी नेता कॉमरेड सत्यनारायण त्रिपाठी ने किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति एवं राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी गोण्डा पंकज वर्मा को सौंपा गया।
वक्ताओं ने कहा कि राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय नागरिकों की निजी जानकारी, बैंक खाते, पैन नंबर आदि एकत्र करना नागरिकों की निजता और लोकतांत्रिक अधिकारों पर गंभीर हमला है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसी सूचनाएं किस कानूनी आधार और किस उद्देश्य से जुटाई जा रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई जिलों में कार्यकर्ताओं पर व्यक्तिगत जानकारी उपलब्ध कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। वामपंथी नेताओं ने कहा कि किसी राजनीतिक दल या जनसंगठन से जुड़े होने मात्र के आधार पर किसी नागरिक की निगरानी या उसका निजी डेटा तैयार करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। प्रमुख मांगें जिसमें
निजी एवं संवेदनशील सूचनाएं एकत्र करने की प्रक्रिया तत्काल बंद की जाए , जारी सभी सरकारी आदेशों एवं सर्कुलरों को सार्वजनिक किया जाए , पहले से एकत्र किए गए अनुचित व्यक्तिगत डेटा की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार नष्ट किया जाए , बैंक खाते, पैन नंबर जैसी संवेदनशील जानकारी बिना स्पष्ट कानूनी आधार के मांगना बंद किया जाए , कार्यकर्ताओं पर बनाया जा रहा पुलिस अथवा खुफिया तंत्र का अनुचित दबाव समाप्त किया जाए , पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की ऐसी दमनकारी और तानाशाही नीतियों का लोकतांत्रिक ताकतें विरोध करेंगी। नागरिकों की निजता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन में कॉमरेड कौशलेंद्र पाण्डेय, जिला सचिव सीपीआई(एम); कॉमरेड ईश्वर शरण, जिला सचिव सीपीआई; कॉमरेड जमाल ख़ान, जिला सचिव सीपीआई(एमएल); कॉमरेड सत्यनारायण त्रिपाठी, कॉमरेड रघुनाथ, माता प्रसाद, रामगोविन्द मिश्रा, मुन्ना राम गौतम, रमजान, जमालुद्दीन, राजीव सिंह, अमित शुक्ला, सदानंद गिरी, अजीज, रमेश चौबे, चेतराम, राजबहोर, रविशंकर विश्वकर्मा, समीउल्लाह, रामसागर चौबे सहित दर्जनों साथियों ने भाग लिया।






Total Users : 1210758
Total views : 5517203