जिलाधिकारी अमेठी ने ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के दिये निर्देश

SHARE:

जिलाधिकारी अमेठी ने ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के दिये निर्देश

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई आयोजित

अमेठी। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आज जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की गई कार्यवाही की समीक्षा की गई। इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट, सड़क सुधार कार्यों तथा यातायात नियमों के कड़ाई से अनुपालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रोड पैच सुधार, रिफ्लेक्टर एवं रोड मार्किंग के कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं तथा जहां कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनका भौतिक सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए, बैठक में स्कूली वाहनों एवं बसों की नियमित जांच, फिटनेस एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच तथा 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कर दृश्यता बढ़ाने, टोल प्लाजा पर कांटा, क्रेन, कटर व एम्बुलेंस की उपलब्धता, तथा प्रमुख चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था, संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि चालान एवं जुर्माना की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जाए, साथ ही जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से सामान फैलाकर किए जा रहे अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, जो अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने इस पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड रमेश चंद्र, एआरटीओ, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई