कटेहरी बाजार में तेज रफ्तार बाइक ने युवक को मारी टक्कर, हालत गंभीर

SHARE:

रत्नेश उपाध्याय अम्बेडकरनगर । कटेहरी बाजार में शुक्रवार की शाम एक तेज रफ्तार बाइक ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंकुश तिवारी, निवासी बुझावन तिवारी का पूरा, थाना अहिरौली, शाम लगभग साढ़े आठ बजे बाजार में सामान लेने गया था। तभी तेज गति से आ रही पल्सर बाइक (UP 45 AA 4273) ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंकुश वहीं गिर पड़ा और उसे कई गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक को जिला अस्पताल पहुँचाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की रफ्तार बहुत अधिक थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। बाइक चालक से जब उसका नाम पूछा गया तो उसने अपना नाम अशोक यादव, निवासी रामपुर बुआरी दहलवा, थाना महराजगंज बताया। घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित के बड़े भाई अनूप तिवारी ने थाना अहिरौली में एक प्रार्थना पत्र देकर आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और कहा है कि जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Harshit Shrivastav
Author: Harshit Shrivastav

Sahara jeevan newspaper

Leave a Comment