लखीमपुर खीरी | मोहम्मद असलम
आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को थाना खीरी परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी ने की।
बैठक में क्षेत्र के ताजिया निर्माताओं के साथ सीधे संवाद करते हुए सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण बातों पर चर्चा की गई। सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस वर्ष ताजिया जुलूस में शामिल ताजियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा में ही रखी जाए, ताकि बिजली के तारों से होने वाले हादसों को रोका जा सके। उन्होंने कहा,
> “जनता की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। सभी से अनुरोध है कि नियमों का पालन करें और शांति एवं सौहार्द के साथ मोहर्रम मनाएं।”
इस मौके पर थाना खीरी प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने भी लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी गतिविधि की पूर्व सूचना प्रशासन को दें। उन्होंने बताया कि जुलूस सिर्फ निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं ताकि पुलिस व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू की जा सके।
चौकी प्रभारी कस्बा खीरी साधना यादव ने भी सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि मोहर्रम शांति और सुरक्षा के साथ संपन्न हो। इसके लिए सभी वर्गों से सामूहिक सहयोग जरूरी है।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। इस दौरान उपस्थित ताजिया निर्माताओं ने भी प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे और मोहर्रम को शांतिपूर्वक मनाने में पूरा सहयोग देंगे।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper






Total Users : 1212331
Total views : 5520480