अजनर (महोबा): अभिनय सिंह चंदेल
अजनर ग्राम पंचायत में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, बीमा योजनाओं और उद्यान विधियों की जानकारी देना था। यह कार्यक्रम पंचायत भवन में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और विशेषज्ञ शामिल हुए।
गोष्ठी में कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) के डॉ. ब्रजेश पांडेय ने किसानों को उच्चतम कृषि तकनीकों की जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार वैज्ञानिक पद्धतियों से फसल उत्पादन में वृद्धि की जा सकती है। वहीं उद्यान विशेषज्ञ महिपाल सिंह ने सब्जियों और फलों की उन्नत सिंचाई पद्धति एवं उत्पादन विधियों पर प्रकाश डाला।
कृषि विशेषज्ञ राजकुमार कुशवाहा ने मिट्टी के उचित उपयोग और उर्वरता बढ़ाने के उपाय सुझाए। वहीं, बीमा क्षेत्र से आए ब्रजेंद्र सिंह ने फसल बीमा की प्रक्रिया और इसके लाभों को समझाते हुए किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए बीमा लेने की सलाह दी।
ग्राम प्रधान नन्हेराम अनुरागी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन गांव के किसानों को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। समाजसेवी अरविंद्र कुशवाहा ने किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
गोष्ठी के अंत में सभी उपस्थित ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना की और अपने अनुभव साझा किए। आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को जारी रखने का आश्वासन दिया।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





