रत्नेश उपाध्याय | अंबेडकरनगर अंबेडकरनगर: जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
शहर के प्रमुख बाजारों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी के चलते ग्राहक घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। ज्वेलरी, कपड़ा और अन्य रिटेल दुकानों पर सामान्य दिनों की तुलना में ग्राहकों की संख्या में भारी गिरावट देखी गई है। दुकानदारों ने गर्मी से राहत पाने के लिए पंखे और कूलर का सहारा लिया है, लेकिन ग्राहकी में आई गिरावट से व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।
वहीं दूसरी ओर, ठंडे पेय पदार्थ और बोतलबंद पानी की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। आइसक्रीम, नींबू पानी और शरबत की बिक्री में इजाफा देखा गया है।
स्कूलों में भी गर्मी का असर देखा जा रहा है। कई बच्चों की तबीयत पर भी इसका प्रभाव पड़ रहा है। कुछ स्कूलों ने छुट्टी का समय भी बदल दिया है ताकि बच्चों को दोपहर की भीषण गर्मी से बचाया जा सके।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घरों के अंदर रहने की सलाह दी है और अधिक से अधिक पानी पीने की अपील की है।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper






Total Users : 1212329
Total views : 5520478