महोबा, उत्तर प्रदेश —
महोबा जनपद के विकासखंड कुलपहाड़ स्थित जैतपुर में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय के संचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। उच्च शिक्षा विभाग के आदेशानुसार, सत्र 2025-26 से महाविद्यालय में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकायों में स्नातक कक्षाओं का संचालन प्रारंभ किया जाएगा।
महाविद्यालय संचालन के लिए तीन प्राध्यापकों की नियुक्ति की गई है, जिनमें वीरभूमि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. रामकृत कुमार अरुण को महाविद्यालय संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन की ओर से विशेष सचिव (उच्च शिक्षा) निधि श्रीवास्तव द्वारा नियुक्ति पत्र जारी किया गया है।
प्रो. रामकृत कुमार अरुण ने चित्रकूट धाम, झांसी मंडल के क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी लेफ्टिनेंट प्रो. सुशील बाबू के निर्देशानुसार जैतपुर महाविद्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके साथ दो अन्य प्राध्यापक भी महाविद्यालय में शैक्षणिक संचालन में सहयोग करेंगे।
प्रस्तावित विषय और संकाय
नवसत्र से निम्नलिखित विषयों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी:
बी.ए. (कला संकाय): हिंदी, अंग्रेजी, शिक्षा शास्त्र, इतिहास, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, शारीरिक शिक्षा एवं मनोविज्ञान
बी.एससी. (विज्ञान संकाय): गणित वर्ग एवं जीवविज्ञान वर्ग
बी.कॉम. (वाणिज्य संकाय): वाणिज्य विषय
इस महाविद्यालय के संचालन से जैतपुर और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को अब उच्च शिक्षा के लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे क्षेत्र में शैक्षणिक सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।
प्रो. रामकृत कुमार अरुण के कार्यभार ग्रहण करने पर शिक्षा जगत के कई विद्वानों एवं प्राध्यापकों जैसे डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. डी. के. खरे और शैलेश तिवारी ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की हैं।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





