एसपी ने पुलिस कर्मियों की शारीरिक व मानसिक दृढ़ता के लिए कराई दौड़, दी अनुशासन व एकता की सीख

SHARE:

महोबा। पुलिस लाइन महोबा में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने साप्ताहिक परेड की सलामी ली। परेड के उपरांत एसपी ने टोलीवार निरीक्षण कर उपस्थित पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समरसता और एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से ड्रिल की कार्यवाही कराई।

पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिसकर्मियों की शारीरिक एवं मानसिक दृढ़ता को बढ़ाने के लिए विशेष दौड़ का आयोजन कराया गया। इस दौड़ के माध्यम से टीम भावना और ऊर्जा के संचार का उद्देश्य रखा गया था, जिससे बल का मनोबल और कार्यक्षमता दोनों में वृद्धि हो सके।

परेड के बाद अर्दली रूम की कार्यवाही भी संपन्न हुई, जिसमें गार्द रजिस्टरों की गहन जांच की गई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को उच्च स्तर का अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, पुलिस भर्ती 2023 के अंतर्गत चयनित रिक्रूट आरक्षियों के आधारभूत प्रशिक्षण की तैयारियों का निरीक्षण भी एसपी द्वारा किया गया। उन्होंने पुलिस लाइन स्थित आर.टी.सी. बैरक, स्कूल, मेस, परेड ग्राउंड और जेटीसी बैरक का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण हेतु उत्कृष्ट गुणवत्ता की सामग्री एवं उच्च मानकों की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन एवं नगर दीपक दुबे, प्रतिसार निरीक्षक शिवकुमार, परेड के हकदार अधिकारी-कर्मचारी सहित निर्माण कार्य करा रही संस्था के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Harshit Shrivastav
Author: Harshit Shrivastav

Sahara jeevan newspaper

Leave a Comment