ब्यूरो: अकरम उस्मान, बाराबंकी
बाराबंकी जनपद के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम हुए हथगोले हमले में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से इलाके में तनाव बना हुआ था, लेकिन फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस के मुताबिक, मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के गोड़ा गांव से रविवार को 6 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए अभियुक्तों में शिवम सिंह पुत्र बघेल, प्रिंस सिंह, लकी व शुभम सिंह (दोनों पुत्र इन्द्रजीत सिंह), सुनील सिंह पुत्र तालुकदार सिंह, और रूप सिंह पुत्र सर्वेश सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अर्टिगा कार (UP 32 YN 9035) और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 103(1)/3(5) व विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की पृष्ठभूमि में गोड़ा पंचायत की एक युवती का एक युवक के साथ भाग जाना बताया जा रहा है। इस मामले में गांव के ललित मौर्या पुत्र नरेंद्र मौर्या पर युवती को भगाने का आरोप लगाया गया था। इसी विवाद को लेकर शनिवार शाम दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई और हथगोला फेंक दिया गया।
इस हमले में ललित का चचेरा भाई शैलेंद्र मौर्या पुत्र सतीश मौर्या गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सूरतगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने गांव के मेघराज, राहुल, सुनील, इन्द्रजीत, बघेल और मनोज पर हत्या का आरोप लगाते हुए सीएचसी पर हंगामा शुरू कर दिया। हालात को काबू में करने के लिए मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात की गई। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





