मुजफ्फरनगर से राकेश अरोरा की रिपोर्ट
रविवार देर रात मुजफ्फरनगर के गांधी कॉलोनी स्थित मैजिक डांस एकेडमी के संस्थापक और प्रसिद्ध डांस कोरियोग्राफर मोहन अरोरा ने मानवीयता की मिसाल पेश करते हुए छठी बार रक्तदान कर एक महिला की जान बचाई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात 1:45 बजे सूचना मिली कि निर्वाल हॉस्पिटल में भर्ती 23 वर्षीय महिला मुस्कान को तत्काल खून की जरूरत है, क्योंकि उसकी प्लेटलेट्स खतरनाक स्तर तक गिर चुकी थीं। सूचना मिलते ही मोहन अरोरा अपने साथियों के साथ एस.डी. ब्लड बैंक, भोपा रोड पहुंचे और तत्काल रक्तदान किया। मोहन अरोरा, जो कि श्यामक डावर इंटरनेशनल डांस सेंटर मुंबई से प्रशिक्षित हैं और नेशनल सिंगिंग डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के उत्तर प्रदेश प्रभारी भी हैं, ने बताया कि यह उनका छठा रक्तदान है। उन्होंने सभी देशवासियों से अपील की कि समय-समय पर रक्तदान करें, क्योंकि कब, किसे इसकी जरूरत पड़ जाए, कहा नहीं जा सकता। मोहन अरोरा के इस नेक कार्य के लिए मिशन वंदे मातरम् (दा ट्रस्ट रजिस्टर्ड) के सभी अधिकारियों, पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका आभार प्रकट किया और धन्यवाद ज्ञापित किया। रक्तदान को ‘जीवनदान’ बताते हुए मोहन अरोरा ने कहा कि यह मानवता की सच्ची सेवा है और युवाओं को भी इससे जुड़ना चाहिए। उनका यह कदम समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





