अमौली, फतेहपुर।
जनपद के चांदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मकरंदपुर मोड़ के पास एक अज्ञात बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। शव को पास के ईंट भट्ठे में काम कर रहे मजदूरों ने देखा और तुरंत भट्ठा मालिक सौरभ सचान को सूचना दी। मौके पर पहुंचे भट्ठा मालिक ने चांदपुर पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव की जांच-पड़ताल की। मृतक की जेब से आधार कार्ड और 1800 रुपये नकद बरामद हुए। आधार कार्ड के जरिए शव की शिनाख्त 78 वर्षीय भगवानदीन पुत्र स्व. विजई निवासी उडंगापुर, ग्राम पंचायत हसनपुर देवरी, थाना जाफरगंज के रूप में हुई। मृतक के इकलौते पुत्र श्रीप्रकाश ने बताया कि उनके पिता लगभग एक माह पूर्व अपनी भतीजी छेद्दी के ससुराल, भटपुरवा (थाना सजेती, कानपुर नगर) गए थे। 16 मई को वह वहां से लौटे थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। भतीजी और उनके पति जयराम ने फोन कर बुजुर्ग के घर पहुंचने की पुष्टि भी की थी, पर जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिजन यह मानकर चल रहे थे कि वे किसी अन्य रिश्तेदारी में चले गए होंगे।
परिजनों ने किसी से दुश्मनी होने से इनकार किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण संभवतः लू लगने या प्यास से उनकी मृत्यु हुई हो सकती है। थाना प्रभारी ने श्रीप्रकाश की तहरीर पर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहपुर भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper






Total Users : 1212329
Total views : 5520478