लखीमपुर खीरी।
खीरी नगर पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार और सभासदों के उत्पीड़न के मामलों को लेकर नगर पंचायत खीरी के सभासदों और खीरी विकास समिति के अध्यक्ष आमिर रज़ा पम्मी ने एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराते हुए शीघ्र जांच व कार्रवाई की मांग की।
सभासदों ने बताया कि नगर पंचायत में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ वह पूर्व में भी कई बार संबंधित अधिकारियों से मिलकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक न तो कोई ठोस कार्रवाई की गई है और न ही किसी जांच समिति ने मौके पर पहुंच कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया है।
एडीएम से हुई मुलाकात के दौरान सभासदों ने नगर पंचायत में व्याप्त विभिन्न प्रकार के भ्रष्टाचार की जानकारी दस्तावेज़ों सहित प्रस्तुत की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों की निष्क्रियता से भ्रष्टाचारियों के हौसले बुलंद हैं और जनप्रतिनिधियों को लगातार उपेक्षा और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
सभासदों की बातों को गंभीरता से लेते हुए एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने तत्काल मामले में जांच अधिकारी नामित कर जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर सभासद ज़हरुल हसन अंसारी, मकसूद अली, सुरेश सिंह, बुखारी टोला से प्रतिनिधि शकील खान, पट्टी रामदास से सईद अंसारी, मोहल्ला तबेला से हफीज़ अंसारी, मोहल्ला श्यामलाल पूर्वा से कुंदन सिंह और हनिया टोला से जीतू सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





