
जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों का जत्था रवाना, एक नवंबर को दिल्ली में जुटेंगे विपक्षी दलों के नेता
अमेठी। आगामी एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली विपक्षी दलों की रैली में शामिल होने के लिए अमेठी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जत्था जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में दिल्ली के लिए रवाना हो गया। रैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित विभिन्न विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की बात कही गई है।
दिल्ली रवाना होने से पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण आम जनमानस को महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनसमस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आम आदमी की आवाज को सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से विपक्षी दल एकजुट होकर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष मोहम्मद आसिफ ने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित रैली में हजारों की संख्या में लोग पहुंचकर सरकार को जनता की समस्याओं के प्रति सचेत करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली के माध्यम से आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अमेठी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी पार्टी के संगठनात्मक उत्साह को दर्शाती है। सभी कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर रैली में शामिल होंगे और विपक्षी नेताओं के विचारों को सुनेंगे।




Total Users : 1212905
Total views : 5521465