*राजेश निगम की खास रिपोर्ट*

*1 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने* *रचा इतिहास*
*26 से 30 नवंबर तक* *बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में लगेगा* *भव्य हिन्दू* *आध्यात्मिक एवं सेवा मेला*
कानपुर, 27 अक्टूबर। हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान, कानपुर के आह्वान पर मंगलवार को कानपुर महानगर के विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में एक अभूतपूर्व राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। निर्धारित कार्यक्रम के तहत महानगर की प्रार्थना सभाओं में लगभग 1,05,791 छात्र-छात्राओं, आचार्यों और शिक्षकों ने एक साथ पूर्ण तन्मयता के साथ ‘सामूहिक सम्पूर्ण वन्दे मातरम् गान’ किया। प्रातःकाल गूंजते राष्ट्रगीत के इन स्वरों से संपूर्ण विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति, एकता और सांस्कृतिक चेतना से सराबोर हो उठे।
इस अवसर पर आयोजित विशेष प्रार्थना सभाओं में विद्यालय के प्रधानाचार्यों, आचार्यों एवं संस्थान के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को आगामी 26 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला’ की विस्तृत जानकारी दी। यह भव्य मेला बेनाझाबर स्थित बृजेन्द्र स्वरूप पार्क (बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के समीप) में आयोजित किया जाएगा।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह मेला हमारी प्राचीन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, पारिवारिक मूल्यों और सेवा कार्यों से जुड़ने का एक स्वर्णिम अवसर है। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को मेले में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने आगामी सेवा मेले को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस भव्य अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों में हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के राष्ट्रीय संयोजक श्री गुणवंत जी कोठारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (कानपुर प्रांत) के प्रांत संचालक माननीय भवानी भीख तिवारी जी, प्रांत प्रचारक माननीय श्रीराम जी तथा आयोजन समिति के कई अन्य गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
*कानपुर से राजेश निगम की खास रिपोर्ट*




Total Users : 1212798
Total views : 5521278