अमेठी में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, तीन विधायकों ने ग्रहण की पार्टी की सदस्यता

SHARE:

अमेठी में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, तीन विधायकों ने ग्रहण की पार्टी की सदस्यता
सहारा जीवन न्यूज़
अमेठी। उत्तर प्रदेश की राजनीति में बुधवार को उस समय हलचल तेज हो गई, जब गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी और गोसाईंगंज विधायक अभय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में पार्टी ने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर से भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।
समारोह में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव कुमार बालियान, राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य, भाजपा के संगठन महामंत्री भोला सिंह, कैबिनेट मंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह, राज्यमंत्री दिनेश सिंह, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह, कृष्णा पासवान, विधायक पूजा पाल, सुरेश पासी, अशोक सरोज तथा विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ला, पवन चौहान सहित अनेक नेता उपस्थित रहे। अमेठी भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला समेत कई पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पदाधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ स्वागत
समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान नेताओं को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी के सदस्यता अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने इसे संगठन की मजबूती और जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।
स्मृति ईरानी ने विपक्ष पर साधा निशाना
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने संबोधन में कहा कि काशी, अवध और बुंदेलखंड की राजनीतिक ताकत एक साथ आई है। उन्होंने तीनों विधायकों के भाजपा में शामिल होने को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता विकास और मजबूत नेतृत्व के साथ खड़ी है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लंबे समय से चुनावी चुनौतियों का सामना कर रही है और अमेठी इस बात की गवाह है कि कांग्रेस को चुनावी राजनीति में जनता के समर्थन की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव आयोग के कंधे पर बंदूक रखकर लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहा है।
स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज को एकजुट रखना और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना है। उन्होंने कहा कि मां भारती के सम्मान के खिलाफ कोई भी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भाजपा नेतृत्व जनता से किए गए विकास के वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अमेठी में अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने खाद की किल्लत, बिजली और औद्योगिक विकास जैसे मुद्दों पर भी बात रखी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं।
अमेठी और रायबरेली किसी की जागीर नहीं : पंकज चौधरी
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अमेठी की ऐतिहासिक धरती को वह नमन करते हैं। तीन विधायकों के भाजपा में शामिल होने को उन्होंने संगठन की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि अमेठी और रायबरेली किसी भी राजनीतिक दल की जागीर नहीं हैं। यहां की जनता अपने विवेक से निर्णय लेती है। उन्होंने स्मृति ईरानी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित भाव से काम किया।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है और भाजपा का लक्ष्य जनता के विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने वर्ष 2027 में प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनने का भरोसा जताया।
विनोद चतुर्वेदी ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।
उन्होंने बुंदेलखंड क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे और डिफेंस कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने कालपी को महर्षि वेदव्यास की कर्मभूमि और बीरबल की जन्मभूमि बताते हुए क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर भी प्रकाश डाला।
राम और रामायण के सम्मान का मुद्दा उठाया
गोसाईंगंज विधायक अभय सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम और रामायण भारतीय संस्कृति के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी में भगवान श्रीराम और रामायण के प्रति सम्मान का भाव है, उसके साथ खड़ा होना उनके लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन वितरण और महिलाओं को अधिकार देने वाली योजनाओं से आम लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।
अभय सिंह ने भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए गए हैं।
राकेश प्रताप सिंह बोले—जीवन के अंतिम सांस तक करता रहूंगा सेवा
गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि उनका राजनीतिक सफर ग्राम प्रधान से शुरू होकर विधायक तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें लगातार विश्वास और समर्थन दिया है, जिसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिए वह क्षेत्र से बाहर रहे, लेकिन जनता के बीच उनका संबंध बना रहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा।
राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि जीवन के अंतिम सांस तक जनता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर में सहयोग देने वाले वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
2027 में फिर सरकार बनाने का संकल्प
राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी समारोह में भाजपा संगठन की मजबूती तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन का विस्तार करना पार्टी की प्राथमिकता है।
समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। तीन विधायकों के पार्टी में शामिल होने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कार्यक्रम के जरिए भाजपा नेताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और प्रदेश में दोबारा सरकार बनाने का संदेश दिया।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई