विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, जनजागरूकता रैली को दिखाई गई हरी झंडी।

SHARE:

सहारा जीवन न्यूज़

01 से 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 12 से 31 अक्टूबर तक संचालित होगा दस्तक अभियान।

अमेठी। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री जी की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। जिला संयुक्त चिकित्सालय गौरीगंज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मा. जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह तथा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका परिषद गौरीगंज, पंचायती राज विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से संचारी रोगों की रोकथाम के लिए किए जाने वाले उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही वेक्टर जनित रोगों के नियंत्रण में उपयोग की जाने वाली फॉगिंग मशीन एवं एंटी लार्वल मशीन का प्रदर्शन भी किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित 11 विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, ताकि संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण को प्रभावी बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आशा एवं एएनएम के माध्यम से घर-घर भ्रमण कर बुखार के रोगियों, आईएलआई (इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस) रोगियों तथा क्षय रोग के लक्षणयुक्त व्यक्तियों की सूची तैयार की जाएगी। साथ ही लोगों को मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी तथा घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, वेक्टर सर्वेक्षण करने एवं बुखार से पीड़ित व्यक्तियों को जांच एवं उपचार के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों द्वारा शहरी क्षेत्रों में नालियों की सफाई, लार्वानाशी दवाओं का छिड़काव, कूड़ा निस्तारण तथा फॉगिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई