सहारा जीवन न्यूज़
अमेठी। 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर में आयोजित विभिन्न शूटिंग प्रतियोगिताओं में अमेठी पुलिस के जवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 03 पदक—02 सिल्वर और 01 कांस्य तथा 20 प्रशस्ति पत्र हासिल कर जिले और अमेठी पुलिस का मान बढ़ाया।
अन्तर्जनपदीय लखनऊ जोन शूटिंग स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 27 जुलाई 2026 तक तथा 51वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत शूटिंग स्पोर्ट्स प्रतियोगिता 18 से 24 अगस्त 2026 तक 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर में आयोजित की गई थी।
इन प्रतियोगिताओं में अमेठी पुलिस की ओर से हेड कांस्टेबल जोखई प्रसाद यादव, हेड कांस्टेबल ओपी राम राणा एवं कांस्टेबल सौरभ कुमार ने 15 गज, 25 गज, 40 गज, 50 गज, 10 मीटर एयर पिस्टल तथा 300 मीटर राइफल शूटिंग में प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिताओं में हेड कांस्टेबल जोखई प्रसाद यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राइफल, रिवाल्वर, पिस्टल शूटिंग एवं एलार्म एफीशियेन्सी रेस की विभिन्न टीम एवं व्यक्तिगत स्पर्धाओं में 01 सिल्वर, 01 कांस्य पदक और 12 प्रशस्ति पत्र प्राप्त किए। वहीं हेड कांस्टेबल ओपी राम राणा ने विभिन्न स्पर्धाओं में 07 प्रशस्ति पत्र हासिल किए।
कांस्टेबल सौरभ कुमार ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 01 सिल्वर मेडल और 01 प्रशस्ति पत्र अपने नाम किया। इसके अलावा एमपी5 निशानेबाजी में हेड कांस्टेबल जोखई प्रसाद यादव का लक्ष्यभेदक प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा, जिसके लिए उन्हें शील्ड प्रदान की गई। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कैंप कार्यालय में तीनों पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन से प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अमेठी पुलिस का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।





Total Users : 1211244
Total views : 5517843