सहारा जीवन न्यूज़

वाराणसी। शहर में जलभराव और सीवर की समस्या को लेकर संभावित कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी प्रवीण प्रकाश ने बड़ा चुनावी वादा किया है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में हर वर्ष अप्रैल से जून के बीच सभी अंडरग्राउंड ड्रेनेज और नालियों की डी-सिल्टिंग (गाद की सफाई) कराई जाएगी। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
प्रवीण प्रकाश ने कहा कि बारिश के दौरान वाराणसी के लोगों को सबसे अधिक परेशानी सड़कों पर जलभराव तथा घरों के शौचालयों में पानी भरने से होती है। उन्होंने दावा किया कि नियमित रूप से नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई होने से बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाया जा सकता है।
कांग्रेस की ओर से जारी संदेश में इस योजना के तीन प्रमुख लाभ बताए गए हैं— घरों के शौचालयों में पानी भरने की समस्या से राहत, सड़कों पर जलभराव में कमी तथा स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर वाराणसी का निर्माण। संभावित कांग्रेस प्रत्याशी ने बताया कि उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में करीब 30 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने आईआईटी कानपुर से शिक्षा प्राप्त की है और अमेरिका के मैक्सवेल स्कूल से भी अध्ययन किया है। प्रवीण प्रकाश ने वाराणसी की जनता से कांग्रेस को एक अवसर देने की अपील करते हुए कहा कि शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और नियमित व्यवस्था जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना वाराणसी के नागरिकों को जलभराव से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।






Total Users : 1211137
Total views : 5517694