भारतीय सेना का एक और कीर्तिमान: मेरठ सैन्य अस्पताल में 412 नेत्र सर्जरी कर लौटाई गई रोशनी, 197 वंचित नागरिकों को मिला निःशुल्क उपचार

SHARE:

भारतीय सेना का एक और कीर्तिमान: मेरठ सैन्य अस्पताल में 412 नेत्र सर्जरी कर लौटाई गई रोशनी,
197 वंचित नागरिकों को मिला निःशुल्क उपचार
सहारा जीवन न्यूज़
मेरठ। भारतीय सेना ने एक बार फिर सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदना की मिसाल पेश करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सैन्य अस्पताल, मेरठ में आयोजित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अब तक के सबसे बड़े मेगा सर्जिकल नेत्र शिविर ‘ऑपरेशन दृष्टि’ का 13वां संस्करण 25 नवंबर को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 21 से 25 नवंबर 2026 तक आयोजित इस शिविर में कुल 412 नेत्र सर्जरी की गईं और सैकड़ों लोगों के जीवन में फिर से रोशनी लौटाई गई। खास बात यह रही कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 197 वंचित नागरिकों का पूरी तरह निःशुल्क ऑपरेशन किया गया।
तीन दिनों तक चले सर्जिकल अभियान में मोतियाबिंद, काला मोतिया (ग्लूकोमा), विट्रियो-रेटिनल तथा टेरिजियम से संबंधित जटिल मामलों की सर्जरी की गई। शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 55 से 60 ऐसे मरीजों की सफल सर्जरी शामिल रही, जो पके हुए मोतियाबिंद के कारण पूरी तरह दृष्टिहीन हो चुके थे। भारतीय सेना की यह पहल ‘राष्ट्र सर्वप्रथम’ की भावना के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का सराहनीय प्रयास है। इस अभियान की परिकल्पना रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की है, जिसका उद्देश्य देश के दूरदराज और सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों तक उन्नत नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराना है।शिविर को सफल बनाने के लिए सर्जरी से पहले व्यापक जांच और जनसंपर्क अभियान चलाया गया। सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवाओं (एएफएमएस) के विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों और चिकित्सा अधिकारियों ने बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, शामली और मुरादाबाद में मरीजों की जांच की। इस अभियान के माध्यम से दूर-दराज के गांवों और कस्बों में रहने वाले जरूरतमंद मरीजों को भी उपचार का अवसर मिला।जांच के दौरान जिन मरीजों को सर्जरी की आवश्यकता पाई गई, उन्हें सैन्य अस्पताल, मेरठ लाया गया। यहां 22 से 24 नवंबर तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न प्रकार की जटिल नेत्र सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
ऑपरेशन दृष्टि के राष्ट्रीय महत्व और भारतीय सेना की इस जनकल्याणकारी पहल को रेखांकित करने के लिए 25 नवंबर को सैन्य अस्पताल, मेरठ में भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवाओं के महानिदेशक (डीजीएएफएमएस) एयर मार्शल संदीप थरेजा तथा उत्तर प्रदेश सरकार के सैनिक कल्याण, राजनीतिक पेंशन एवं प्रादेशिक रक्षक दल विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने अभियान से जुड़े चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों के प्रयासों की सराहना की। साथ ही लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने। इस अवसर पर सेना की चिकित्सा सेवाओं की उत्कृष्टता और समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।इस शिविर की सफलता केवल 412 सर्जरी के आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे कई ऐसी भावुक कर देने वाली कहानियां हैं, जिन्होंने वर्षों से अंधेरे में जीवन गुजार रहे लोगों को नई उम्मीद दी है।ऐसी ही एक कहानी 30 वर्षीय रिक्शा चालक अक्षय कुमार की है। वर्ष 2019 में आंख में लगी गंभीर चोट के कारण उनकी जिंदगी में अंधेरा छा गया था। रोजी-रोटी के लिए सड़क पर रिक्शा चलाने वाले अक्षय की आंखों की रोशनी धीरे-धीरे चली गई। सात वर्षों तक उन्हें अपने आसपास की दुनिया, परिचित चेहरों और रोजमर्रा के जीवन से लगभग कटकर रहना पड़ा। आर्थिक और सामाजिक परेशानियों के बीच उनके लिए सामान्य जीवन जीना भी मुश्किल हो गया था।इसी दौरान उन्हें सैन्य अस्पताल, मेरठ में आयोजित ऑपरेशन दृष्टि शिविर की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने उपचार की उम्मीद में शिविर का रुख किया। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उनका उपचार कर उन्हें फिर से रोशनी की उम्मीद दी।
तीन वर्षों से अंधकार में जीवन गुजार रहे रविंद्र राठी को भी मिली नई उम्मीद
राजपुर कलां निवासी 63 वर्षीय रविंद्र राठी की कहानी भी संघर्ष और उम्मीद की मिसाल है। वह लंबे समय से मधुमेह की बीमारी से जूझ रहे थे। इसी बीच हाइपरमैच्योर यानी अत्यधिक पके मोतियाबिंद के कारण उनकी आंखों की रोशनी चली गई। पिछले तीन वर्षों से वह अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर थे। उनकी दुनिया आवाजों तक सिमटकर रह गई थी।लेकिन उन्होंने उम्मीद का दामन नहीं छोड़ा और सैन्य अस्पताल, मेरठ में आयोजित इस शिविर तक पहुंचे। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उनकी सर्जरी कर उन्हें नई जिंदगी की उम्मीद प्रदान की।
इस मेगा सर्जिकल नेत्र शिविर का नेतृत्व आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल), दिल्ली छावनी के नेत्र रोग विभागाध्यक्ष ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा ने किया। वह ऑपरेशन दृष्टि अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। इस अभियान के अंतर्गत देश के दूरस्थ और चिकित्सा सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार मेगा सर्जिकल शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।सर्जरी का कार्य आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने किया। महज तीन दिनों में 412 जटिल नेत्र सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा करना सेना की चिकित्सा सेवाओं की दक्षता, समर्पण और उच्च स्तरीय चिकित्सा प्रबंधन का प्रमाण है।ऑपरेशन दृष्टि का 13वां संस्करण भारतीय सेना की उस दोहरी भूमिका को फिर से स्थापित करता है, जिसमें वह एक ओर देश की सीमाओं की सजग प्रहरी है, तो दूसरी ओर आम नागरिकों के सुख-दुख में सहभागी बनकर जनकल्याण के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाती है।
Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई