
जहांगीरगंज में छठ महापर्व की धूम, बावली तालाब पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
शिवम सिंह
सहारा जीवन न्यूज़
अंबेडकरनगर। नगर पंचायत जहांगीरगंज के बावली चौक के निकट स्थित ऐतिहासिक बावली तालाब पर छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही तालाब परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं, पुरुष और बच्चे पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना की।सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं आरोग्यता की कामना की। छठी मैया के गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। स्थानीय निवासी रवि सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष बावली तालाब पर छठ पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। अब यह आयोजन पूरे क्षेत्र की आस्था और पहचान का प्रतीक बन चुका है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर पर्व में शामिल होते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पूजा स्थल पर साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। नगर पंचायत के कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने भीड़ को व्यवस्थित रखने में सहयोग किया।





Total Users : 1213484
Total views : 5522280