थोड़ी सी जमीन के विवाद में उजड़ गया परिवार! अमेठी में पिता की मौत, 3 गिरफ्तार

SHARE:

अमेठी में जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष! लाठी-ईंटों से पीटकर पिता की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

 

अमेठी में जमीन और रास्ते की कब्जेदारी को लेकर चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर पिता और बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई, जबकि घायल बेटे का इलाज जारी है। मामले में दो दिन की कड़ी मशक्कत के बाद अमेठी कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अपनी निगरानी में रखा है।

पूरा मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र के राजू का पुरवा मजरे नरैनी गांव का है। यहां खेत और रास्ते की कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

10 नवंबर को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों तरफ से लाठी-डंडे तथा ईंट-पत्थर चलने लगे। इस दौरान एक पक्ष के कन्हैया लाल और उनके बेटे संतोष वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 12 नवंबर को कन्हैया लाल ने दम तोड़ दिया, जबकि उनके बेटे संतोष वर्मा का इलाज जारी है।

पिता की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों अभय शुक्ला, अभिषेक शुक्ला पुत्र संजय कुमार शुक्ला और महेंद्र कुमार शुक्ला पुत्र शिव कुमार शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर उनके घर से घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे और ईंट के तीन टुकड़े भी बरामद किए गए हैं। घटना में एक बाल अपचारी भी शामिल था, जिसे नियमानुसार पुलिस निगरानी में रखा गया है।

अब जरा सोचिए… खेत भी वहीं है, रास्ता भी वहीं है, लेकिन जमीन और रास्ते के विवाद में एक परिवार ने अपना मुखिया खो दिया। जिस विवाद को बातचीत से सुलझाया जा सकता था, उसका अंजाम एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के जेल पहुंचने के रूप में सामने आया।

ऐसे जमीनी विवादों में आखिर हिंसा का रास्ता क्यों चुना जाता है? आपकी क्या राय है? कमेंट करके जरूर बताइएगा।

Ashok Srivastav
Author: Ashok Srivastav

Leave a Comment