अमेठी।
शासन द्वारा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से अमेठी जनपद में विशेष सचिव चीनी एवं गन्ना विकास व शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी सी. इंदुमती ने शनिवार को व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं का गहन अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए निरीक्षण के दौरान उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल भी मौजूद रहे। नोडल अधिकारी ने अपने भ्रमण की शुरुआत ग्राम पंचायत अहोरवा भवानी में संचालित ग्रामीण पेयजल परियोजना से की। अधिशासी अभियंता जल निगम ए.के. सिंह ने जानकारी दी कि यह योजना वर्ष 1973-74 से चालू है और 2021-22 में इसका मरम्मत कार्य कराया गया। प्रस्तावित 209 कनेक्शन की तुलना में अब तक 225 कनेक्शन दिए जा चुके हैं। ओवरहेड टैंक की क्षमता 180 किलोलीटर है। नोडल अधिकारी ने मोहल्ला पथरीगढ़ में जाकर पेयजल आपूर्ति का सत्यापन किया और ग्रामीणों से फीडबैक लिया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन सुबह और शाम दो-दो घंटे नियमित जलापूर्ति होती है। जल परीक्षण में पीएच मान 7.5 पाया गया जो मानक के अनुसार है। इसके उपरांत इंदुमती ने खारा स्थित अस्थाई गोआश्रय स्थल एवं सिंहपुर स्थित वृहद गोसंरक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने गोवंशों के लिए चारा, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित देखभाल व साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। सहभागिता योजना के अंतर्गत उन्होंने दो-दो गायें लाभार्थियों को वितरित कीं और ग्रामीणों से अपील की कि वे गोवंशों को निराश्रित न छोड़ें। इसके पश्चात नोडल अधिकारी ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ निर्माणाधीन पुलिस लाइन एवं जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन के मॉडल का अवलोकन कर निर्माण प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने आवासीय भवन, बैरक, खेल मैदान, शौचालय, बिजली-पानी की व्यवस्था आदि की विस्तृत जानकारी ली और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। जिला कारागार के निरीक्षण में भी उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बल दिया और मानकों के अनुरूप समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अर्पित गुप्ता, उपजिलाधिकारी तिलोई अमित सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, सीवीओ, डीपीआरओ, अधिशासी अभियंता जल निगम सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper







Total Users : 1210550
Total views : 5516934