अजनर, महोबा | अभिनय सिंह चंदेल
अजनर (महोबा): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के साथ अजनर थाना क्षेत्र में हुई पुलिस की कथित अभद्रता ने संगठन में नाराज़गी की लहर दौड़ा दी है। मामला अजनर मंडल का है, जहां मंगलवार को “विकसित भारत अमृत काल – गरीब कल्याण, सुशासन के 11 वर्ष बेमिसाल” चौपाल से लौट रहे भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पुलिसकर्मी ने दुर्व्यवहार किया।
जानकारी के अनुसार, अजनर मंडल उपाध्यक्ष अंकित कुमार की बाइक का चालान खोई तिराहा पर तैनात एसआई आकाश मोर्या द्वारा काटा गया। इस दौरान जब अंकित कुमार ने स्वयं का परिचय दिया और विनम्रतापूर्वक बात करने की कोशिश की, तो एसआई ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए तंज कसा –
“ऐसे भाजपाई तो रोज मिलते हैं, क्या हम अपना काम न करें?”
घटना के समय मंडल अध्यक्ष भी मौजूद थे, जिन्होंने इस व्यवहार पर आपत्ति जताई, लेकिन एसआई ने उनकी बात को भी अनसुना कर दिया।
थाना अजनर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने की शिकायत
इस अपमानजनक व्यवहार से क्षुब्ध भाजपा कार्यकर्ता थाना अजनर पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक सत्यपाल सिंह को पूरे मामले से अवगत कराया। थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया कि मामले में संबंधित एसआई को समझा दिया गया है और भविष्य में ऐसा व्यवहार नहीं दोहराया जाएगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराज़गी, संगठन ने जताई चिंता
इस घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा रोष है। उनका कहना है कि यदि प्रशासनिक अधिकारी इसी तरह से जमीनी कार्यकर्ताओं से पेश आएंगे, तो आमजन से संवाद और योजनाओं को लेकर कार्य करना अत्यंत कठिन हो जाएगा। संगठन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों तक रिपोर्ट भेजने की तैयारी कर ली है।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





