रिपोर्टर: अभिनय सिंह, महोबा
महोबा: जिले में बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह के निर्देशन में पुलिस विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया। इस अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में स्थित बैंकों का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बैंकों में मौजूद सुरक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली की जांच की, जिसमें सीसीटीवी कैमरे, वार्निंग अलार्म, मेटल डिटेक्टर और गार्ड ड्यूटी शामिल रही। इसके अतिरिक्त, शाखा प्रबंधकों से सुरक्षा संबंधी बिंदुओं पर संवाद किया गया।
बैंक के भीतर व बाहर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच-पड़ताल की गई और अनावश्यक रूप से खड़े लोगों से पूछताछ कर उन्हें वहां से हटाया गया। बैंक के अंदर मौजूद भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए कतारबद्ध किया गया।
ड्यूटी में तैनात सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता बरतने और सजग रहने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें धोखाधड़ी, जालसाजी, टप्पेबाजी जैसे अपराधों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस द्वारा चलाया गया यह सुरक्षा जागरूकता अभियान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो रहा है।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





