दीघा,
परगना निवासी पत्रकार राकेश दास पर शनिवार शाम उस समय हमला हुआ जब वे अपने सात रिश्तेदारों के साथ दीघा यात्रा पर गए थे। यह गंभीर हमला उदयपुर टोटो स्टैंड के पास हुआ, जहां अज्ञात हमलावरों ने लाठी, डंडों और रॉड से न केवल पत्रकार बल्कि उनके परिजनों को भी बेरहमी से पीटा।
घटना के संबंध में राकेश दास ने बताया कि शनिवार को वे सभी लोग उदयपुर बीच घूमने के बाद लौट रहे थे, तभी रास्ते में दो गुटों के बीच संघर्ष हो रहा था। उसी दौरान उन्हीं गुटों के कुछ लोगों ने अचानक उनके समूह पर हमला कर दिया। पीड़ित परिवार अब तक यह नहीं समझ सका है कि उन्हें निशाना क्यों बनाया गया।
हमले के बाद जब पत्रकार अपने घायल रिश्तेदारों के साथ दीघा थाने पहुंचे, तो वहां की पुलिस ने मामला ओडिशा क्षेत्र का बताते हुए शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया। पुलिस के इस रवैये से पीड़ित पत्रकार बेहद आहत हैं।
रविवार को घर लौटने के बाद राकेश दास ने मीडिया से बातचीत में अपनी आपबीती साझा की। घटना के बाद पत्रकारों में भारी रोष व्याप्त है और वे हमलावरों की गिरफ्तारी के साथ-साथ स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह मामला न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ाता है।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





