लखीमपुर खीरी (हाथीपुर उत्तरी):
नगर क्षेत्र के अजमेरी मदरसे के पास एक बिजली का खंभा बीते एक वर्ष से बेहद जर्जर अवस्था में खड़ा है, जो अब कभी भी धराशायी हो सकता है। तेज हवा या बारिश के दौरान इसके गिरने की प्रबल आशंका है, जिससे स्थानीय लोगों की जान-माल को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। मोहल्ले वालों का कहना है कि यह खंभा ऐसे स्थान पर स्थित है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। साथ ही इसके पास से गंदे पानी का नाला भी गुजरता है, जिससे भूमि में नमी बनी रहती है। खंभे के निचले हिस्से में लगातार सीलन रहने के कारण उसमें जंग लग गया है और वह पूरी तरह से कमजोर हो चुका है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार वार्ड मेंबर और नगर पालिका अधिकारियों को इस स्थिति से अवगत कराया, लेकिन आज तक किसी ने संज्ञान नहीं लिया। मोहल्लेवासियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही इस खंभे की मरम्मत नहीं कराई गई, तो एक बड़ी दुर्घटना घट सकती है। प्रश्न उठता है कि ऐसे हालात में अगर कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? नगर पालिका प्रशासन की निष्क्रियता पर जनता सवाल उठा रही है। समय रहते यदि संबंधित विभाग ने कार्रवाई नहीं की, तो यह प्रशासनिक लापरवाही एक बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है।
स्थानीय निवासियों की मांग:
1. खंभे की तुरंत मरम्मत या प्रतिस्थापन किया जाए।
2. क्षेत्र में अन्य खंभों की भी जांच हो।
3. नगर पालिका जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब जागेगा – हादसे से पहले या हादसे के बाद।
(रिपोर्ट: मोहम्मद असलम – लखीमपुर खीरी)
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





