अमेठी में स्मृति ईरानी का भावुक संबोधन, बोलीं – “अमेठी मेरा घर है, रिश्ता खून का है, यह टूट नहीं सकता”

SHARE:

सहारा जीवन न्यूज | अमेठी
पूर्व केंद्रीय मंत्री और अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति जुबिन ईरानी ने एक बार फिर अमेठी से अपने गहरे रिश्ते को भावुक लहजे में याद किया। उन्होंने कहा, “अमेठी से मेरा रिश्ता खून का है, घर-परिवार का है, और ऐसे रिश्ते कभी टूटते नहीं।”स्मृति ईरानी गौरीगंज के रणंजय इंटर कॉलेज मैदान में अहिल्याबाई होल्कर जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में शामिल हुईं। अपने संबोधन में उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि 2014 से पहले पंचायती राज का बजट 70,000 करोड़ रुपए था, जिसे नरेंद्र मोदी सरकार ने बढ़ाकर ढाई लाख करोड़ कर दिया। ईरानी ने बताया कि ग्राम पंचायतों और गांवों के विकास पर फोकस करके भारत को चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया गया। उन्होंने कहा, “बिना गांव के विकास के, सशक्त राष्ट्र की कल्पना नहीं की जा सकती।” स्मृति ईरानी ने मंच से कहा कि वह अमेठी को कभी नहीं छोड़ेंगी और अब 11 महीने तक अमेठी आने में देरी नहीं होगी। उन्होंने याद दिलाया कि उन्होंने सांसद पेंशन लेने से इंकार कर राष्ट्रकोष में जमा कराई थी।उन्होंने बताया कि सेना भर्ती कार्यालय (BRO) से 32 वर्षों बाद पहली बार भर्ती नरेंद्र मोदी सरकार में शुरू हुई और 10,000 से अधिक युवा सेना में शामिल हुए। उन्होंने गन फैक्ट्री का भी जिक्र किया, जहां से अब तक 33,000 राइफल सेना को दी जा चुकी हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा देते हुए बताया कि अमेठी में:

26000 करोड़ रुपए का विकास कार्य हुआ

1 लाख गरीब परिवारों को घर मिले

4 लाख घरों में शौचालय निर्माण

3.5 लाख घरों में पीने का पानी

1.21 लाख घरों को बिजली कनेक्शन

तिलोई में बस अड्डे का निर्माण

स्मृति ईरानी ने माता अहिल्याबाई होल्कर के विचारों को मोदी सरकार की प्रेरणा बताया और कहा कि गांव के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं।गौरतलब है कि 2014 में स्मृति ईरानी ने पहली बार राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। 2019 में उन्होंने राहुल गांधी को हराकर सीट अपने नाम की। हालांकि 2024 के आम चुनाव में कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने उन्हें 1.67 लाख वोटों से हराकर सीट वापस ले ली।चुनाव हारने के बाद यह स्मृति ईरानी का पहला अमेठी दौरा था। वे अब भी मवई गांव, गौरीगंज स्थित अपने मकान की मतदाता हैं और वहां उन्होंने अपने जुड़ाव को फिर से दोहराया। इस संगोष्ठी में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, अमेठी जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, और भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला समेत कई प्रमुख नेता और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राकेश त्रिपाठी ने किया।

Harshit Shrivastav
Author: Harshit Shrivastav

Sahara jeevan newspaper

Leave a Comment

Pelli Poola Jada Accessories
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई