सहारा जीवन न्यूज 
अमेठी। जिले के मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लही गांव में बीती रात अधेड़ की निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या की जानकारी मिलते ही सुबह गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंच गई है। पुलिस लाश को कब्जे में लेकर जांच तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही कर रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक दलित अधेड़ शिव प्रसाद कोरी (54) पुत्र श्रीनाथ कोरी गांव से बाहर खेत में सूअर पालन का कार्य करता था। बीती रात मृतक वहीं खेत में वह सो रहा था तभी अज्ञात हमलावरों के द्वारा धारदार हथियार से शिवप्रसाद के सिर पर वार करते हुए उसकी हत्या कर दी गई है। इस घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब ग्रामीण शौच के लिए खेतों में गए। तब वहां पर शिव प्रसाद की लाश को देखकर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर जांच तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है। जबकि मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।मोहनगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। लाश को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। लाश का पंचायत नामा भरते हुए पोस्टमार्टम की कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है। वह साक्ष्य संकलन की कार्यवाही कर रही है । घर के लोगों तथा ग्रामीणों से जानकारी जुटाए जा रही है।
घटना स्थल का पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. द्वारा निरीक्षण किया गया तथा प्रकरण के संबन्ध में साक्ष्य संकलन व आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु फॉरेन्सिक टीम एवं प्रभारी निरीक्षक मोहनगंज को आवश्यक निर्देश दिये है।





