
गौरीगंज में सपा की मासिक बैठक व सावित्रीबाई फुले जयंती मनाई गई, पारसनाथ यादव ने ली सदस्यता
अमेठी। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक एवं भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती का आयोजन पार्टी मुख्यालय गौरीगंज में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सावित्रीबाई फुले के शिक्षा, सामाजिक न्याय और समानता से जुड़े विचारों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रेरित होकर पारसनाथ यादव ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राम उदित यादव ने की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “समाजवादी पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता की पक्षधर रही है। सावित्रीबाई फुले जैसी महान समाज सुधारक के विचार आज भी हमें नई दिशा देते हैं। पार्टी को मजबूती देने के लिए नए साथियों का जुड़ना भविष्य के संघर्ष को और सशक्त करेगा।
जिला प्रवक्ता राजेश मिश्र ने कहा कि भाजपा सरकार में शिक्षा, रोजगार और सामाजिक समरसता सबसे अधिक प्रभावित हुई है। समाजवादी पार्टी ही एकमात्र ऐसी ताकत है जो वंचितों, किसानों, युवाओं और शिक्षकों की आवाज मजबूती से उठा रही है।
वहीं नदीम अशरफ जायसी ने कहा कि “सावित्रीबाई फुले ने शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का जो सपना देखा था, समाजवादी पार्टी उसी विचारधारा को आगे बढ़ा रही है। आज जरूरत है कि हम संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट हों।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अरशद अहमद एडवोकेट, नदीम अशरफ जायसी, जिला प्रवक्ता राजेश मिश्र, मनीराम वर्मा, महेंद्र यादव, सूबेदार यादव, सी.पी. यादव, मनु पाल, बृजेश, शिवकुमार यादव, दीपू तिवारी, सालिया बानो, श्याम लाल कोरी, अवधेश मिश्रा, लालजी यादव, बहरैची गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।





